नियमों का उल्लघंन कर रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हो
एसडीएम, तहसीलदार नल-जल योजनाओं का निरीक्षण करें
अपात्रों का राशन सूची से नाम हटाने का कार्य गंभीरता से किया जाए: कलेक्टर श्री जैन
9 सितंबर 2025 हरदा -
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने वाहन नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सवारी वाहनों में वाहन नियमों का पालन सख्ती से हो, यह भी देखा जाए। मंगलवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अपात्रों का नाम राशन सूची से हटाने का कार्य गंभीरता से किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे गांवों में पहुंचकर निर्मित हो चुकी एवं निर्माणधीन नल जल योजनाओं की गुणवत्ता का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि नल जल योजनाओं के पंप आपरेटरों के पारिश्रमिक का नियमित भुगतान किया जाए। कहीं भी आपरेटर को भुगतन के अभाव में जलापूर्ति बाधित न हो।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों व समयावधि में संतुष्टिपूर्ण निराकरण के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इसी तरह फसलों की गिरदावरी का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया। आंगनबाड़ी भवनों के मरम्मत कार्य की भी कलेक्टर श्री जैन द्वारा समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सांसद खेल महोत्सव के आयोजन में ज्यादा से ज्यादा युवाओं का पंजीयन करवाने के निर्देश भी बैठक में दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय एवं सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी श्री संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल, जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ श्री प्रवीण इवने सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।