एसडीएम देखें-किसानों को सहूलियत से खाद मिले,
जिले में अवैध कालोनियां न पनपें,
हरदा -
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे किसानों को उर्वरक वितरण व्यवस्था पर पैनी निगरानी रखें एवं यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी उर्वरक वितरण में किसानों को असुविधा का सामना न करना पड़े। गुरूवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के प्रत्येक नगर एवं गांव में राशन प्राप्त कर रहे अपात्र हितग्राहियों को चिन्हित किया जाए एवं उनके नाम राशन सूची से हटाये जाएं। कोई भी अपात्र हितग्राही राशन प्राप्त न कर सके, इसकी सख्त व्यवस्था हो। कलेक्टर ने अवैध कॉलोनियों के मामले को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिले में कहीं भी अवैध कॉलोनियां न पनपें। जो भी कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, वे विधिवत अनुमति लेकर तैयार की जाएं ताकि ऐसी कॉलोनी के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा सहित जिले के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में होने वाले अतिक्रमण की रोकथाम के लिये भी राजस्व अधिकारियों से सख्ती दिखाने की अपेक्षा की। उन्होने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में अब कोई नये अतिक्रमण न हों, इस बात पर निरन्तर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होने नगरीय क्षेत्रों में एवं मुख्य मार्गों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुँचाने के लिये भी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री एवं आरसीएमएस में दर्ज राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरूस्ती के मामले समय सीमा में निराकृत करने के राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये गये। वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तन करने के कार्य की भी कलेक्टर ने जानकारी ली। उन्होने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि उद्यानिकी फसलों से संबंधित गिरदावरी के कार्य में उद्यान विभाग एवं राजस्व विभाग के आंकड़ों में एकरूपता हो, यह सुनिश्चित किया जाए। श्री अन्न की फसलों की गिरदावरी में भी इस बात का ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने हिट एण्ड रन के मामलों में भी तत्परता से निराकरण करने की अधिकारियों से अपेक्षा की। उन्होने अधिकारियों से कहा कि राजस्व वसूली के कार्य में भी गति लाई जाए। बैठक में जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी कलेक्टर ने समीक्षा की।