‘‘मेरी माटी मेरा देश’’ अभियान 9 अगस्त से 30 अगस्त तक
कलेक्टर श्री गर्ग ने सभी सरपंचों से अभियान को सफल बनाने की अपील की
हरदा- आजादी के अमृत महोत्सव के समापन अवसर पर ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगरीय वार्डों में अमृत कलश यात्राएं निकाली जाएंगी। कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने जिले की सभी पंचायतों के सरपंचों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि "मेरी माटी मेरा देश" अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में "शिलाफलकम" अर्थात स्मारक की स्थापना की जाएगी। स्मारक स्थल पर पंच प्रण की शपथ के उपरांत सेल्फी को पोर्टल https://yuva.gov.in/ meri_maati_mera_desh पर अपलोड किया जाएगा। कार्यक्रम में वसुधा वंदन के तहत अमृत सरोवरों के आसपास, पंचायत कार्यालय, विद्यालय-महाविद्यालय सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 75 पौधे लगाए जाएंगे। इसी प्रकार वीरों का वंदन के तहत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरो तथा वीरांगनाओं का स्मरण एवं सम्मान किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों, सेवानिवृत्त रक्षा, सीएपीएफ और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा राष्ट्रगान के उपरांत समारोह का समापन किया जाएगा।
"मेरी माटी मेरा देश" कार्यक्रम के तहत सभी गांवों में अमृत कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। इस यात्रा में प्रत्येक ग्राम से ग्राम से ग्राम पंचायत स्तर पर मिट्टी को एकत्रित किया जाएगा। ग्राम पंचायत से मिट्टी को विकासखंड स्तर पर इकट्ठा कर अमृत कलश में भरा जाएगा। हर एक विकासखंड से युवा अपने साथ यह अमृत कलश लेकर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। शहरी क्षेत्रों में आयोजित अमृत कलश यात्रा में सभी वार्डों से नगरी निकाय स्तर पर मिट्टी को एकत्र किया जाएगा। नगरी निकाय से मिट्टी को जिला स्तर पर इकट्ठा कर अमृत कलश में भरा जाएगा। हर एक जिला स्थल से युवा अपने साथ यह अमृत कलश लेकर दिल्ली मैं आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।