मुख्यमंत्री श्री चौहान अचानक हरदा के छिपानेर पहुंचे , नवनिर्मित पहुंच मार्ग व पुल का निरीक्षण किया, कलेक्टर श्री गर्ग से जनसेवा अभियान के तहत निराकृत आवेदनों की जानकारी ली

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
मुख्यमंत्री श्री चौहान अचानक हरदा के छिपानेर पहुंचे

नवनिर्मित पहुंच मार्ग व  पुल का निरीक्षण किया

कलेक्टर श्री गर्ग से जनसेवा अभियान के तहत निराकृत आवेदनों की जानकारी ली
हरदा- 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को अचानक छीपानेर पहुंचे और वहां नवनिर्मित पहुंच मार्ग व  पुल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग से चर्चा की और मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत जनसमस्याओं के आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली । उन्होंने कलेक्टर श्री गर्ग से हरदा जिले के अन्य सड़क मार्गों के संबंध में भी पूछताछ की। उन्होंने निर्देश दिए कि जन समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। 
     मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री सुभाष पाटिल को निर्देश दिए कि दिसंबर माह के अंत तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करें, अन्यथा सख्त कार्यवाही की जाएगी।  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि 5 जनवरी को पहुंच मार्ग और पुल का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
        उल्लेखनीय है कि छोटी छिपानेर से नर्मदा नदी पुल तक 6.41 करोड़ रुपए लागत से 3 किलोमीटर लंबा पहुंच मार्ग निर्मित किया जा रहा है । कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री पाटिल ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण इसी दिसंबर माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस मार्ग के बन जाने से हरदा से भोपाल की दूरी लगभग 35 किलोमीटर कम हो जाएगी। जिससे हरदा जिले के निवासियों को काफी सुविधा होगी। हरदा और सीहोर जिले की सीमा पर 38.66 करोड़ रुपये लागत से 840 मीटर लंबा पुल लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित किया जा चुका है। इस पहुंच मार्ग के बन जाने से इस पुल का उपयोग प्रारंभ हो जाएगा।

CM Madhya Pradesh 
Jansampark Madhya Pradesh 
Public Works Department, Madhya Pradesh

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top