तीर्थदर्शन योजना के तहत रामेश्वरम् व अयोध्या की यात्रा करेंगे वृद्धजन
27 जनवरी को रामेश्वरम् व 28 फरवरी को अयोध्या की होगी यात्रा
हरदा-
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के ऐसे वरिष्ठ नागरिक को जो कि 60 वर्ष से अधिक आयु के है तथा आयकर दाता नहीं है, उन्हें प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न तीर्थ स्थानों की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत शासकीय खर्चे पर कराई जायेगी। आगामी 27 जनवरी से 1 फरवरी 2023 के बीच हरदा जिले के वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम् की यात्रा करेंगे। कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने बताया कि इस यात्रा में जिले के 300 यात्री, तीर्थ यात्रा पर जायेंगे, जिनमें हरदा तहसील के 80, हंडिया के 30, टिमरनी के 55, रहटगांव के 30, खिरकिया के 55 व सिराली तहसील के 50 यात्री शामिल होंगे। इसके अलावा आगामी 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच हरदा जिले के वरिष्ठ नागरिक अयोध्या की यात्रा करेंगे। इस यात्रा में जिले के 225 यात्री, तीर्थ यात्रा पर जायेंगे, जिनमें हरदा तहसील के 45, हंडिया के 30, टिमरनी के 40, रहटगांव के 30, खिरकिया के 40 व सिराली तहसील के 40 यात्री शामिल होंगे। इन यात्राओं में जाने के इच्छुक व्यक्ति तीर्थ यात्रा संबंधी अधिक जानकारी के लिये अपनी निकटतम तहसील अथवा जनपद पंचायत या नगरीय निकाय में सम्पर्क कर आवेदन कर सकते है।