जिला गौ पालन एवं पशु धन संवर्धन समिति की बैठक आयोजित

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
जिला गौ पालन एवं पशु धन संवर्धन समिति की बैठक आयोजित
कलेक्टर श्री विश्वनाथन ने कहा कि सड़क पर कही भी पालतू पशुओं के स्वच्छंद विचरण से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है । खुले घूमते पालतू पशु खेतों में घुसकर फसलों को भी नुकसान पहुँचाते है। हमें समाज में परिवर्तन करना होगा। जो भी हमारे पास जानवर है, उसकी अच्छे से देखभाल करें। श्री विश्वनाथन आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला गौ पालन एवं पशु धन संवर्धन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें ने बताया कि जिले को मध्यप्रदेश गौपालन एवं पशु धन संवर्धन बोर्ड द्वारा सत्र 2018-19 हेतु गौशालाओं को आर्थिक सहायता के रूप में 20 लाख 80 हजार रूपये प्राप्त हुए है, जिससे जिले में संचालित पंजीकृत 9 गौशालाओं में से 8 गौशालाओं को कुल एक हजार छः सौ छियालिस पशुओं हेतु अनुदान दिया गया है। स्वीकृत अनुदान अंतर्गत दयोधन पशुधन संरक्षण समिति हरदा को 2 लाख 53 हजार 863 रूपये, सीताराम रामचन्द्र धर्मादा सदावर्त संस्थान हरदा को 1 लाख 43 हजार 821 रूपये, श्री गौमुख मठ भादुगांव टिमरनी को 2 लाख 41 हजार 233 रूपये, श्री बंजरंगदास कुटी गौसेवा समिति छीपानेर टिमरनी को 99 हजार 777 रूपये, श्री योगवेदान्त सेवा समिति कामधेनू गौशाला चारखेड़ा को 90 हजार 936 रूपये, आचार्य विद्यासागर दयोदय गौशाला भादूगाँव टिमरनी को 3 लाख 43 हजार 536 रूपये, दयोदय गौशाला समिति पोखरनी टिमरनी को 2 लाख 18 हजार 499 रूपये तथा श्री गुप्तेश्वर गौशाला समिति हरिपुरा चारूवा खिरकिया को 6 लाख 88 हजार 335 रूपये की राशि अनुदान के रूप में दी गई है। उन्होने बताया कि श्री कामधेनु गौशाला समिति धनपाड़ा, रहटगांव द्वारा शासकीय अनुदान लेने से इंकार किया गया है। कलेक्टर श्री विश्वनाथन ने गौशाला समिति के संचालकों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि हमारी योजना होनी चाहिए कि फसल कटने पर शेष भूसे का संग्रह किस प्रकार किया जाए। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले का भूसा जिले में ही रहे। इस हेतु भूसा परिवहन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होने अनुरोध किया कि खेतों में फसल कटाई के पश्चात नरवाई न जलाई जावे। यदि कही नरवाई जलाई जाती है तो कार्यवाही की जावे। यह पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी को ऊर्जा विकास निगम को गौशालाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने हेतु पत्र लिखने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में गौशाला संचालकों द्वारा गौशाला संचालन में आ रही समस्याओं से कलेक्टर श्री विश्वनाथन को अवगत कराया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती प्रियंका गोयल, उपसंचालक पशु चिकित्सा एवं सेवायें हरदा, उपसंचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण, सचिव कृषि उपज मण्डी हरदा एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top