टिमरनी-मुझे इस बात का भरोसा है कि आने वाले 12- 15 साल बाद जब हरदा छीपानेर मार्ग से गुजरना होगा तो मार्ग के दोनों ओर छायादार पेड़ लगे मिलेंगे। उस वक्त इस बात का गर्व होगा मेरी भी इसमें भागीदारी रही है। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने यह बात आज तजपुरा में वैदिक विद्यापीठम चिचोट कुटी द्वारा जन सहयोग से किए जा रहे हैं वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ के अवसर पर कही। यहां कुटी के श्री नित्य चैतन्य दास महाराज,श्रीनिरंजन शर्मा,श्री सुजीत शर्मा सहित ग्रामवासी मौजूद थे। कलेक्टर ने कहा कि यह काम केवल शासन के भरोसे नहीं किया जा सकता है। जब तक जनता का सहयोग नहीं मिलेगा काम की सफल परणीति दृष्टिगोचर नहीं होगी। इस मौके पर श्री निरंजन शर्मा ने बताया कि पहले चरण में फिलहाल तजपुरा से चिचोट कुटी तक चार हजार वृक्षों के रोपण के लिए व्यवस्था की गई है। मौसम भी अनुकूल है । आने वाले चार आठ दिनों में या काम पूरा कर लिया जाएगा। मार्ग के दोनों ओर के किसानों ने भी इसमें अपना सहयोग दिया है । कुहीग्वाड़ी के कृषक श्री शंकर सिंह राजपूत ने पौधों की व्यवस्था की है। वैदिक विद्यापीठ एक टैंकर और मजदूरों के माध्यम से पौधों के बड़े होने तक उनकी देखभाल और सिंचाई का व्यवस्था कर रही है । इस चरण के पूरे होने के बाद तजपुरा से हरदा तक के लिए भी वृक्षारोपण की योजना है । श्री नित्य चैतन्य दास ने भी अपने आशीर्वचन के दौरान इस पुनीत कार्य के सफल होने जन सहयोग का आह्वान किया। बाद में कलेक्टर सहित ग्रमीण जनों ने मार्ग किनारे वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में हनुमत पूजन से किया गया तत्पश्चात् कार्यक्रम के मुख्यातिथि हरदा जिले के जिलाधीश श्री अनय द्विवेदी, कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी नित्यचैतन्यदास का स्वागत शैलेन्द्र राजपूत, शंकरसिंह सोलंकी, नारायण राजपूत, कैलास बंसल ने किया तथा स्वागत के समय वैदिकविद्यापीठम् के वटुकों ने वेद मन्त्र का वाचन किया ।
वृक्षारोपण समीपस्थ ग्राम तजपुरा के खेड़ा हनुमान मंदिर से बाबा बजरंगदास कुटी में स्थित हनुमान मंदिर तक के १० किलोमीटर वाले मार्ग पर दोनों ओर वृक्षारोपण किया जावेगा ।
आभार समिति के प्रबन्धक श्री रामवीर व्यास ने किया ।
कार्यक्रम की अंतिम बेला में हनुमत पूजन की प्रसादी का वितरण कर मानव और प्रकृति के इस पवित्र सम्बन्ध को स्वरुप देने के लिये वृक्षारोपण कार्यक्रम में तजपुरा और छीपानेर ग्राम पंचायत के सभी पौध रक्षकों का बहुत सहयोग मिला तथा गगन देवड़ा, रवीन्द्र चतुर्वेदी, गोविन्द माहेश्वरी, गजेन्द्र गौतम और समीपस्थ ग्रामवासी जन सम्मिलित हुये ।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव श्री सुजीत शर्मा ने किया ।