वार्ड पार्षद अपने क्षेत्र में साफ-सफाई व विकास कार्यों पर ध्यान दें
कलेक्टर श्री सिंह ने टिमरनी में वार्ड पार्षदों से चर्चा की

टिमरनी
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को टिमरनी के रैन बसेरा में नगरीय निकाय के वार्ड पार्षदों से चर्चा की और कहा कि पार्षदगण अपने वार्ड में स्वच्छता अभियान के तहत सक्रिय रहकर अपने वार्ड व नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने में भागीदार बनें। उन्होने कहा कि पार्षदगण अपने-अपने वार्ड के विकास की कार्य योजना बनाएं, उसी के अनुसार विकास कार्य कराये जायेंगे। इस दौरान एसडीएम टिमरनी श्री महेश बड़ोले भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान उपस्थित पार्षदों से कहा कि वे अपने वार्ड का नियमित भ्रमण करें तथा वार्ड में संचालित विकास कार्यों तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होने कहा कि नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने भ्रमण के दौरान देखें कि उनके वार्ड के नागरिकों को सफाई व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं कि नहीं। उन्होने कहा कि टिमरनी नगर में पुर्नघनत्वीकरण योजना के तहत खण्डहर हो चुके पूराने जीर्णशीर्ण सरकारी भवनों के स्थान पर नये विकास कार्य कराये जायेंगे। इस दौरान उपस्थित पार्षदों ने कलेक्टर श्री सिंह को अपने-अपने वार्डों में आ रही समस्याओं के बारे में बताया, जिस पर उन्होने उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये।