सभी पटवारी राजस्व महा अभियान की शेष कार्यवाही 15 फरवरी तक पूर्ण करें
टिमरनी
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को टिमरनी के एसडीएम कार्यालय एवं रहटगांव तहसील कार्यालय में आयोजित पटवारियों तथा सर्वेयर्स की बैठक में निर्देश दिये कि सभी पटवारी व सर्वेयर्स अगले 15 दिन अपने मुख्यालय पर ही रहकर किसानों के ई-केवायसी सत्यापन के कार्य विशेष अभियान के रूप में पूर्ण करें तथा फार्मर रजिस्ट्री का कार्य 15 फरवरी तक पूर्ण करें। उन्होने कहा कि 15 दिन बाद फिर से बैठक ली जाएगी तथा उस दौरान खराब प्रदर्शन वाले पटवारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एसडीएम महेश बड़ोले, तहसीलदार टिमरनी डॉ. प्रमेश जैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी पटवारियों से एक-एक कर बात की और उन्हें समय सीमा में कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी।
एसडीएम पटवारियों के कार्य की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करें
कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम श्री बड़ोले को निर्देश दिये कि रहटगांव व टिमरनी तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर प्रतिदिन पटवारियों द्वारा किये गये कार्य की प्रगति की जानकारी ली जाए। उन्होने कहा कि किसान चूकि दिन में खेत पर चले जाते है, अतः सुबह शाम पटवारी उनके घर जाकर ई-केवायसी सत्यापन, आधार से खसरा लिंकिंग, फार्मर रजिस्ट्री जैसे कार्य सम्पन्न करें। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी सर्वेयर्स को निर्देश दिये कि गिरदावरी का कार्य अगले 15 दिन में पूर्ण कर लें। उन्होने कहा कि सभी सर्वेयर्स को फोटोयुक्त परिचय पत्र व खेतों में सर्वे संबंधी टूल किट दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होने कहा कि सर्वेयर्स को मानदेय भुगतान की व्यवस्था के लिये शासन स्तर से कार्यवाही प्रक्रिया में है। उन्होने एसडीएम श्री बड़ोले को निर्देश दिये कि जो पटवारी बिना सूचना के तथा बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय पर न मिलें, उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
राजस्व व वन विभाग के अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें व रेवेन्यू रिकार्ड दुरूस्त कराएं
कलेक्टर श्री सिंह ने रहटगांव में एसडीएम श्री बड़ोले को निर्देश दिये कि गांवों में राजस्व शिविर लगाकर किसानों के आधार अपडेट, ई-केवायसी सत्यापन, फार्मर रजिस्ट्री व राजस्व वसूली जैसे कार्य कराये जायें। शिविर के आयोजन का मुनादी कराकर व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक किसान शिविर में उपस्थित हो और उनका सत्यापन हो सके। उन्होने कहा कि जो किसान शिविर में नहीं आते हैं, उनके घर जाकर सत्यापन का कार्य पूर्ण करें। उन्होने सभी पटवारियों, तहसीलदार व एसडीएम को राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने रहटगांव में आयोजित बैठक में वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी श्री संजय जैन व श्री ओ.पी. विडारे से कहा कि वन ग्रामों में राजस्व अभिलेख अपडेट कराने के कार्य में राजस्व अमले के साथ वन रक्षकों की भी ड्यूटी लगा दें ताकि यह कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके।