कलेक्टर श्री सिंह व एस.पी. श्री चौकसे ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली
नवागत कलेक्टर श्री सिंह ने बैरागढ़ में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया
हरदा-
नवागत कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने नवागत पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे के साथ शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच कर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वर महोबिया व श्री आर.डी. प्रजापति सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिये कि घटना स्थल के आसपास के घरों में निरीक्षण कर देखें कि किसी घर में विस्फोटक पदार्थ अभी भी रखे तो नहीं हैं। उन्होने कहा कि जब्त की गई विस्फोटक सामग्री का विधिवत विनष्टीकरण किया जाए। उन्होने पीड़ित परिवारों के लिये बनाये गये राहत शिविरों में निवासरत परिवारों के लिये सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये भी कहा। उन्होने अधिकारियों से कहा कि यह दुर्घटना संवेदनशील मामला है। अतः इस संबंध में कोई भी अधिकारी अनावश्यक बयान न दें। पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि दुर्घटना के लिये जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए। सभी दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि इस तरह की दुर्घटना की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। श्री चौकसे ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि दुर्घटना के बाद यदि कोई गुमशुदा हुआ है तो उसके संबंध में प्राप्त आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करें और पीड़ितों को आवश्यक मदद करें।
नवागत कलेक्टर श्री सिंह ने बैरागढ़ में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया
नवागत कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को बैरागढ़ जाकर दुर्घटना स्थल देखा और वहां उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद की जाए और उन्हें कोई परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नवागत पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया व अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने बैरागढ़ में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से कहा कि वे बिल्कुल चिंता न करें। उनके उपचार व पुनर्वास के लिये जिला प्रशासन शासन के प्रावधानों के अनुसार अधिकतम मदद दिलाने की व्यवस्था करेगा।