संभागायुक्त श्री माल सिंह ने खिरकिया व टिमरनी क्षेत्र का दौरा किया
सीएम राइज स्कूल देखे और पेयजल योजनाओं का किया निरीक्षण
नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री माल सिंह ने सोमवार को जिले के टिमरनी व खिरकिया तहसील के विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। उन्होने इस दौरान करताना का सीएम राइज स्कूल देखा और निर्देश दिये कि स्कूल का संचालन बेहतर ढंग से किया जाए ताकि बच्चों को निजी स्कूलों से अच्छी शिक्षा व सुविधाएं इन सरकारी स्कूलों में मिल सकें। उन्होने ग्राम भादुगांव की उचित मूल्य की दुकान देखी तथा टेमागांव के बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण भी किया। कमिश्नर श्री माल सिंह ने छात्रावास की व्यवस्थाओं के प्रति नाराजगी प्रकट की तथा जिला शिक्षा अधिकारी व जिला परियोजना समन्वयक को छात्रावास की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिये। उन्होने ग्राम बारंगी में नल जल योजना क्रियान्वयन की स्थिति देखी तथा खिरकिया में सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया।
कमिश्नर श्री माल सिंह ने भादुगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी जानकारी ली। कमिश्नर श्री माल सिंह ने निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य की दुकानों का रिकार्ड भी देखा तथा एसडीएम को निर्देश दिये कि उचित मूल्य की दुकानों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहे। उन्होने आयुष्मान भारत योजना की पात्रता रखने वाले सभी हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिये ताकि गरीब परिवारों को 5 लाख रूपये तक उपचार निःशुल्क उपलब्ध हो सके। उन्होने अगले एक सप्ताह में विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान योजना के शेष रहे सभी हितग्राहियों को कार्ड बनवाने के निर्देश दिये।