कलेक्टर श्री संजय गुप्ता ने वीडियो कॉफ्रेन्स के पश्चात धर्मगुरूओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों से चर्चा करते हुए ‘‘मैं भी कोरोना वालेंटियर्स हूँ‘‘ अभियान के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग तथा कोविड वैक्सीनेशन जरूरी है और इनके प्रति लोगों में जनजागरूकता लाने में सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा लगातार कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम हेतु लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न वर्गों की बैठकें आयोजित कर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक टिमरनी श्री संजय शाह, सांसद प्रतिनिधि श्री अमर सिंह मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री मनीष कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी टीकाकरण कराएं तथा टीकाकरण अभियान में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने टीकाकरण अभियान के सफल संचालन के लिए डॉक्टर, नर्स एवं समस्त पैरामेडिकल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज एक दूसरे के पूरक हैं। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने अवगत कराया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य है। उन्होंने अवगत कराया कि शादी समारोह में 50 तथा शव यात्रा में 20 से अधिक लोग तथा उठावना एवं मृत्यु भोज में 50 से अधिक व्यक्ति सम्मिलित नहीं ले सकेंगे। किसी भी प्रकार के कार्यक्रमों में शासन द्वारा पूर्व में जारी कोविड-19 के निर्देशों का अक्षर से पालन करना अनिवार्य होगा। दुकानों, संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों द्वारा ग्राहकों के मध्य फिजिकल डिस्टेंस 2 गज की दूरी का अनुपालन करना अनिवार्य होगा। दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों को कोविड-19 की रोकथाम हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्यता सुनिश्चित करना होगी।
बैठक में टिमरनी विधायक श्री संजय शाह ने कहा कि सभी लोग गणगौर घर पर ही मनाएं। सभी लोग समाज में कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूकता लाएं तथा टीकाकरण अभियान में सहयोग करें।