स्वास्थ्य विभाग लगतार कर रहा थर्मल स्केनर से स्केनिंग , अब तक 12176 बाहरी व्यक्तियों की स्केनिंग
टिमरनी -
COVID 19 संक्रमण नियंत्रण गतिविधियों के अंतर्गत अनुभाग टिमरनी में रविवार तक 12176 बाहरी व्यक्तियों की थर्मल स्केनर से स्केनिंग की जा चुकी है । इनमें गंजाल एवं टेमागॉव चेक पोस्ट पर 3783 लोगों की गई स्केनिंग शामिल है । इसके अतिरिक्त लगभग 4070 लोगों की दूसरी बार फॉलोअप के रूप में स्केनिंग की गई है । इसके साथ ही बस स्टेण्ड चौराहे पर आने जाने वाले परिवारो व मजदूरों के समूहो की भी सघन स्केनिंग की जा रही है । वही वर्तमान में अनुभाग के विभिन्न 48 गेहूॅ खरीदी उपार्जन केन्द्रो पर भी चिकित्सा दलों द्वारा लगभग 1179 व्यक्तियों की स्केनिंग की गई है जिसमें इस कार्य में संलग्न मजदूर/हम्माल भी सम्मिलित है । इस कार्य हेतु पूरे अनुभाग में 14 चिकित्सा दलों की ड्यूटी लगाई गई है जो निरंतर स्केनिंग का कार्य कर रहे है, इनमें तीन मोबाईल चिकित्सा दल भी सम्मिलित है । यह कार्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टिमरनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रहटगॉव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नौसर के चिकित्सको की देखरेख में सम्पादित किया जा रहा है । स्केनिंग के दौरान पाये गये 10 संदिग्ध मरीजों के चिकित्सकों द्वारा सेम्पल एकत्रित कर जिला चिकित्सालय हरदा के माध्यम से भोपाल भेजे गये थे जिनमें से 9 सेम्पलो की रिपोर्ट नेगेटिव आई है । एक रिपोर्ट आना शेष है, जो आज रात्रि में आने की संभावना है । इसके अतिरिक्त ग्राम स्तर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ऑगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत के सचिव, पटवारी एवं ग्राम कोटवार के सहयोग से पूरे ग्रामों में लगातार सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। जिसमें बाहर से आये हुये व्यक्तियों का फॉलोअप किया जा रहा है एवं संदिग्ध मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र भेजा जा रहा है । इन कार्यो के हेतु स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में थ्रीलेयर मास्क, सेटीटाईजर्स एवं सुरक्षा हेतु पीपीई किट उपलब्ध है । आपातकालीन स्थिति हेतु नगर के दो छात्रावासों को आईसोलेशन सेन्टर व क्वेरेनटाईन सेन्टर के रूप में चिन्हित किया गया है जहॉ मरीजों के लिये उचित एवं पर्याप्त व्यवस्था की गई है ।
अनुभाग में कोरोना संक्रमण नियंत्रण प्रभारी रूप से किया जा सके इसके लिये अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंकिता त्रिपाठी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आर.के.गहलोत, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.एम.के.चौरे, नगर पुलिस निरीक्षक राजेश साहू, तहसीलदार टिमरनी धर्मेन्द्र चौकसे, तहसीलदार रहटगॉव संगीता मेहतो एवं मुख्य नगर पंचायत अधिकारी आर.डी.शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से निरंतर कड़ी निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है । सभी विभाग प्रमुखों द्वारा किसी भी तरह की सूचना प्राप्त होने पर तात्कालिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है । अनुविभागीय अधिकारी अंकिता त्रिपाठी द्वारा आम जनता से लॉक-डाउन के समस्त नियमों का पालन कर कोरोना संक्रमण के विरूद्ध लड़ाई में अपना सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई है ।