जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में गर्भावस्था के दौरान मृत महिलाओं के परिजनों को लेकर आयें-कलेक्टर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर श्री एस. विश्वनाथन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वनाथन ने अप्रैल माह से नवम्बर तक हुई प्रसूता महिलाओं की मृत्यु की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी बीएमओं यह सुनिश्चित करें कि समीक्षा के दौरान मृतक महिलाओं के परिजन भी उपस्थित रहे। उन्होने कहा कि बैठक से पूर्व ही निर्देश जारी किये गये थे कि महिलाओं के परिजन भी बैठक में उपस्थित रहेंगे परन्तु ऐसा नहीं हुआ है। उन्होने इस संबंध में बीएमओ खिरकिया, टिमरनी एवं हंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये है। मातृ मृत्यु की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अप्रैल से नवम्बर तक जिले में 8 महिलाओं की मृत्यु गर्भावस्था में हुई है। कलेक्टर ने सभी संबंधित एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता से महिलाओं के एएनसी चैकअप की जानकारी ली तथा संबंधित बीएमओ से मृत्यु के कारणों के बारे में पुछा। कलेक्टर ने कहा कि मातृ मृत्यु दर को कम करना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिये जल्द से जल्द गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन एवं नियमित एएनसी चैकअप आवश्यक है। आशा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि गर्भवती महिलाओं का डाॅक्टर द्वारा चैकअप किया जाये। महिला के हाई रिस्क होने पर डाॅक्टर नियमित गृह भेंट कर चैकअप एवं काउन्सलिंग करेंगे। उन्होने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र गर्भवती महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लाभ मिले ताकि वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकें। उन्होने कहा कि आशा कार्यकर्ताएं गर्भवती महिला एवं उनके परिवार से ऐसा संबंध स्थापित करें कि किसी भी प्रकार की काॅम्प्लिकेशन होने पर वे तत्काल आशा कार्यकर्ता को सूचना दें। गर्भवती महिलाओं के संबंध में लापरवाही बरतने पर संबंधित आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं बीएमओ पर कार्यवाही की जायेगी।