यूरिया के गोदामों का निरीक्षण करें एसडीएम-कलेक्टर
राजस्व अधिकारियों की बैठक हुई आयोजित
कलेक्टर श्री एस. विश्वनाथन की अध्यक्षता में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वनाथन ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने अधिनस्थ राजस्व अधिकारियों की टीम बनाकर यूरिया के गोदामों का निरीक्षण करें। यह सुनिश्चित करें कि कही पर भी यूरिया का अवैध भण्डारण कर काला बाजारी नहीं की जा रही हो, यदि कही भी ऐसा पाया जाता है तो संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि जिले में लायसेन्स प्राप्त खदानों की फेन्सिंग के निर्देश पूर्व में दिये जा चुके है। सभी खदानों का निरीक्षण कर देखें कि इन निर्देशों का पालन किया जा रहा है। निर्देशों का पालन न होने पर लायसेन्स निरस्त करने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होने अवैध रेत उत्खनन के विरूद्ध टीम बनाकर कार्यवाही करने के लिये कहा। उन्होने ग्राम पंचायतों से समन्वय कर गाँवों में उपलब्ध नावों की नम्बरींग करने के निर्देश दिये ताकि नावों से होने वाले उत्खनन पर निगरानी रखी जा सके।
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की अधिकारीवार समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रकरणों के निराकरण में हरदा जिला प्रदेश में चैथे स्थान पर है। सभी अधिकारी लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लायें। लंबित प्रकरणों का विश्लेषण कर त्वरित निराकरण योग्य प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करें। उन्होने अर्थदण्ड एवं बैंक ऋण वसूली की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को कैम्प लगाकर वसूली का कार्य करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने फसल नुकसान राहत राशि के वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि शेष राशि का वितरण एक दिन में कर लिया जाये। उन्होने पीएम किसान सम्मान निधि एवं सीएम हेल्पलाईन की भी समीक्षा की।