टू व्हीलर से आने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को हेलमेट पहनने के क्लेक्टर के निर्देश समयावधि पत्रों की समीक्षा

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0


टू व्हीलर से आने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को हेलमेट पहनने के क्लेक्टर के निर्देश
समयावधि पत्रों की समीक्षा
कलेक्टर श्री एस. विश्वनाथन ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा की। उन्होने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी ये देख ले कि क्या शिकायत है, क्या निराकरण किया जा सकता है, जिन शिकायतों में निराकरण किया जा सकता है उन्हें आज ही निराकृत करें। श्री विश्वनाथन ने निर्देशित किया कि सभी विभाग प्रमुख एल-1 पर लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु अपने फील्ड लेबल अधिकारियों को बैठक लेकर निर्देशित करें।
बैठक में श्री विश्वनाथन ने पेंशन एवं अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए कहा कि पेंशन के प्रकरणों में इतनी समस्या क्यों आ रही है, उन्होने इतने समय नौकरी की है तो उन्हें समय पर पेंशन मिलना चाहिये। अपर कलेक्टर श्री बी.एल. कोचले ने अवगत कराया कि विभाग द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण बिना परीक्षण किये प्रेषित कर दिये जाते है जिससे प्रकरणों का निराकरण समय पर नहीं हो पाता है। श्री विश्वनाथन ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यालय प्रमुख इस मामले में केवल डाकिए की तरह पत्र बढ़ा रहे है तो ये गलत है। अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण परीक्षण उपरान्त अनुशंसा सहित समिति के पास प्रेषित किये जावे। उन्होने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि पेंशन प्रकरण सेवा निवृत्ति उपरान्त समय सीमा में प्रथम प्राथमिकता पर निराकृत हो जावे, इन मामलों में कोई लापरवाही नहीं बरती जावे। यदि कोई लापरवाही उजागर होती है, तो उसके लिए सख्त कार्यवाही की जावेगी। साथ ही अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण भी प्रथम प्राथमिकता पर निराकृत किए जाएं और हर माह की प्रथम टीएल मीटिंग में अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों के विषय में भी समीक्षा की जाएगी। श्री विश्वनाथन ने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि आपकी कितनी संस्थाओं में विद्युत कनेक्शन, टाॅयलेट, रैम्प, पेयजल, फर्नीचर आदि की उपलब्धता नहीं है, उनकी संशोधित सूची बुधवार तक उपलब्ध करावे।
श्री विश्वनाथन में बैठक में सीएमएचओ श्री नागवंशी को निर्देशित किया कि सभी बीएमओ को अपने स्तर पर पाबन्द करें कि जहाँ पर भी नसबंदी होना है, प्रापर तरीके से सुनियोजित एवं पूर्ण व्यवस्था से ऑपरेशन हो। उन्होने बैठक में युरिया की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपसंचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को आवश्यक माॅनिटरिंग हेतु निर्देशित किया। उन्होने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे फील्ड लेवल पर क्या चल रहा है, यह भी चेक कर ले, यदि कोई समस्या हो तो समाधान करावे। उन्होने नहर से सिंचाई हेतु जल आपूर्ति के संबंध में कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग से चर्चा कर निर्देशित किया कि टेल क्षेत्र तक सभी किसानों को पानी मिल जाए यह सुनिश्चित किया जाए। पिछली जनसुनवाई में पानी के भराव के संबंध में प्राप्त आवेदन पर कार्यवाही कर निराकरण करें।
श्री विश्वनाथन ने यातायात एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में चर्चा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला परिवहन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा द्वारा अवगत कराया गया कि कार्यालय में टू व्हीलर लेकर उपस्थित होने वाले सभी अधिकारी/कर्मचारी हेलमेट लगाकर आवे और यातायात के नियमों का पालन करें। श्री विश्वनाथन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालय में टू व्हीलर से आने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को हेलमेट पहननें एवं यातायात के नियमों का पालन करने हेतु पाबंद करें। उन्होने निर्देशित किया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों एवं वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जावे और यातायात के नियमों के पालन किए जाने हेतु सामान्य जन को जागरूक किया जावे। उन्होने बैठक में नगर पालिका अधिकारियो से स्वच्छता अभियान की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि आप अभी से अपनी टीम को पाबन्द करें, साफ-सफाई इम्प्रूव हो तथा लोगों में साफ-सफाई के प्रति जनजागरूकता हेतु प्रयास करें। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी खिरकिया व्ही.पी. यादव को निर्देशित किया गया कि खिरकिया में बोरिंग किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही कर एफआईआर करावे और बोरवेल मशीन को जप्त किया जाकर प्राॅपर माॅनिटरिंग की जावे। उन्होने होस्टल में बिजली की व्यवस्था हेतु ऊर्जा विभाग तथा पानी की व्यवस्था हेतु नगर पालिका हरदा को निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री एच.एस. मीना, अपर कलेक्टर श्री बी.एल. कोचले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता कुरील, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top