मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृद्धजनों का किया सम्मान, वृद्धजनों ने दिया स्नेह और आशीर्वाद सार्थक सेवा आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री, वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर जानी कुशलक्षेम

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृद्धजनों का किया सम्मान, वृद्धजनों ने दिया स्नेह और आशीर्वाद

सार्थक सेवा आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री, वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर जानी कुशलक्षेम

हरदा - 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम अंतर्गत हरदा में सार्थक सेवा वृद्धजन आश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों को शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वृद्धजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृद्धजनों से उनकी कुशलक्षेम जानी तथा आश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। 
     
इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृद्धाश्रम का भ्रमण किया तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत आश्रम में आयोजित विभिन्न गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में आश्रम में आयोजित भ्रमण, भेंट एवं सम्मान सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी प्रदर्शित की गई थी।
       
सार्थक सेवा आश्रय समिति को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संस्था के रूप में शासन स्तर से मान्यता प्रदान की गई है। समिति द्वारा जिला प्रशासन के निर्देशन में वृद्धाश्रम का आधिकारिक संचालन किया जा रहा है। संस्था द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को ऐसा पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिसमें उन्हें अपनापन, सम्मान, स्वास्थ्य सुविधाएं, पौष्टिक भोजन एवं मानसिक शांति का अनुभव मिल रहा है। वर्तमान में 50 सीटर वृद्धाश्रम में 37 वृद्धजन निवासरत हैं, जिनमें 19 महिलाएं एवं 18 पुरुष शामिल हैं।
    
इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारतीय राजू कमेड़िया, पूर्व कृषि मंत्री श्री कमल पटेल, पूर्व विधायक श्री संजय शाह, श्री राजेश वर्मा, कमिश्नर नर्मदापुरम श्री श्रीकांत बनोठ, आईजी श्री चंद्रशेखर सोलंकी, कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top