हरदा/टिमरनी -
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में आगामी त्यौहार दीपावली के उपलक्ष्य में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा हरदा जिले में किराने दुकान, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र कांबले ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आलमपुर में कस्तूरी डेयरी फॉर्म से मावा व पनीर, राठौर किराना सोडलपुर से चावल, दाल व मसाले, निशा स्वीट्स से पेड़ा व बर्फी, हनुमान किराना से चना दाल, तुअर दाल, मूंग दाल, जीरे व काली मिर्च तथा श्री कृष्णा स्वीट्स से पेड़ा व बर्फी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच की गई। इसके पश्चात कस्तूरी डेयरी फॉर्म आलमपुर से मावा तथा होटल बागवान हरदा से दाल, चावल, तथा पनीर की सब्जी के सैंपल लिए गए। श्री कांबले ने बताया कि इन नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जाएंगे तथा रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। यह कार्यवाही आगामी त्यौहार दीपावली के उपलक्ष्य में की जा रही है। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेंद्र कांबले, केमिस्ट श्री हेमंत कीर के साथ अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।