कमिश्नर ने किसानों को भावान्तर योजना के लाभ समझाए
हरदा -
नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री के.जी. तिवारी ने गुरूवार को जिले के सोडलपुर (बेहरागांव माइनर) एवं कमताड़ा (झांझरी माइनर) का भ्रमण कर नहरों के संधारण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने किसानों को भावान्तर योजना के लाभों की भी जानकारी दी। श्री तिवारी ने किसानों से कहा कि 17 अक्टूबर भावान्तर योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि है। अतः सभी किसान सोयाबीन फसल का इस योजना में पंजीयन अवश्य कराएं।
आयुक्त ने इस दौरान सोयाबीन फसलों में हुए नुकसान के सर्वे की भी जानकारी ली। साथ ही उर्वरक वितरण व्यवस्था पर भी किसानों से चर्चा की। आयुक्त ने किसानों को समझाइश दी कि बरसात के उपरान्त नहरों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जिसको शीघ्रता से पूर्ण कर लिया जाएगा। तदुपरान्त नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह से सिंचाइ का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जिस पर मौजूद किसानों ने सहमति जताई।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त विकास श्री जी.सी. दोहर, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग श्रीमती सोनम वाजपेयी, उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।