कलेक्टर श्री जैन ने "जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत संचालित कार्यों का जायजा लिया बड़वानी, केली, नजरपुरा, रहटगांव, धनपाड़ा व चन्द्रखाल का किया दौरा

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
कलेक्टर श्री जैन ने "जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत संचालित कार्यों का जायजा लिया
      
बड़वानी, केली, नजरपुरा, रहटगांव, धनपाड़ा व चन्द्रखाल का किया दौरा


टिमरनी 
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को टिमरनी विकासखण्ड के दूरस्थ ग्रामों का दौरा कर वहां संचालित कार्यालयों व विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने ग्राम केली व चन्द्रखाल में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संचालित कार्यों को देखा। ग्राम केली में जल संरक्षण के लिये निर्माणाधीन खेत तालाब के कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं थी तथा ये खेत तालाब निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाये जाने पर उन्होने कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश जनपद टिमरनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री चेतना पाटिल को दिये। कलेक्टर श्री जैन ने ग्राम केली व चन्द्रखाल के खेत तालाब शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश उपस्थित उपयंत्री को दिये। इस दौरान एसडीएम श्री महेश बड़ोले भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री जैन ने ग्राम धनपाड़ा में गौशाला का निरीक्षण भी किया।

     बड़वानी पंचायत का किया निरीक्षण और की सराहना

 कलेक्टर श्री जैन ने भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत बड़वानी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों की व्यवस्थाओं और वहां उपलब्ध सुविधाओं की उन्होने सराहना की। उन्होने गुरूवार को पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायत कार्यालय परिसर में पौधरोपण कराने के लिये पंचायत सचिव से कहा। 

    बड़वानी व नजरपुरा की उचित मूल्य की दुकान का किया निरीक्षण

 कलेक्टर श्री जैन ने बड़वानी व नजरपुरा की उचित मूल्य की दुकान का भी निरीक्षण किया तथा दुकान संचालक से उपलब्ध खाद्यान्न के स्टाक के संबंध में पूछताछ की। उन्होने दुकान संचालक को मृतकों के नाम खाद्यन्न प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की सूची से हटाने के निर्देश दिये। बड़वानी के जिन ग्रामीणों के आधार पंजीयन व आधार अपडेशन लंबित है, उन्हें नेटवर्क क्षेत्र में ले जाकर लंबित कार्य पूर्ण कराने के निर्देश कलेक्टर श्री जैन ने दिये। उन्होने इस दौरान नजरपुरा में ग्रामीणों को वितरित किये जाने वाले गेहूँ की गुणवत्ता और खाद्यान्न तुलाई मशीन का परीक्षण किया।

रहटगांव व नजरपुरा के स्वास्थ्य केन्द्रों का किया निरीक्षण
 कलेक्टर श्री जैन ने ग्राम रहटगांव व नजरपुरा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने मेटरनिटी वार्ड, पोषण पुनर्वास केन्द्र व जनरल वार्ड में जाकर मरीजों से चर्चा की और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। उन्होने विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. चौरे को निर्देश दिये कि उप स्वास्थ्य केन्द्रों में टेली कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कार्यवाही करें ताकि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मरीजों के उपचार के संबंध में यदि कोई मार्गदर्शन चाहिए हो तो वे ले सकें। उन्होने नजरपुरा व रहटगांव अस्पताल के दौरान महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण के संबंध में विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली। 

चन्द्रखाल के ढाने में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये
 कलेक्टर श्री जैन ने ग्राम चन्द्रखाल के खाड़ीबाड़ी ढाने के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के संबंध में पूछताछ की तो ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में ट्यूबवेल खनन हुआ था जो फेल हो गया है, जिससे गांव में पेयजल संकट की स्थिति हो रही है। कलेक्टर श्री जैन ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ यांत्रिकी को गांव में किसी अन्य स्थान पर नया ट्यूबवेल खनन कराने के निर्देश दिये। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव का पुराना स्कूल भवन गिरा दिया गया है और नया भवन अभी स्वीकृत भी नहीं हुआ है, जिससे बच्चों को परेशानी हो रही है, जिस पर उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी को गांव में स्कूल के लिये भवन की तात्कालिक व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top