"राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाएं"
हरदा-
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शनिवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर सभी को निर्देश दिए कि वे अपने मुख्यालय पर रहें, और अपने क्षेत्र का नियमित दौरा कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व अधिकारी अपने स्वयं के कार्यालय के साथ-साथ अधीनस्थ कार्यालय का भी नियमित निरीक्षण करें। बैठक में एसडीम हरदा श्री कुमार सानू, एसडीएम खिरकिया श्री संजीव नागू, डिप्टी कलेक्टर श्री अशोक डेहरिया और सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य राजस्व अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे जिन समितियों के अध्यक्ष हैं, उन समितियों की नियमित बैठक लेते रहें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के पास जो शासकीय भूमि अनुपयोगी पड़ी है, उसे वापस लेकर किसी अन्य जरूरतमंद शासकीय विभाग को दिया जाए, ताकि वहां विकास कार्य शुरू किये जा सकें।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में राजस्व अधिकारियों को चरनोई की भूमि से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से क्षति के मामलों में पीड़ित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के नवीनतम प्रावधानों के तहत तत्काल राहत राशि दिलाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदार को अपने-अपने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था पर नजर रखने के लिए भी कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।