हरदा-
भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई “विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया जा रहा है तथा ग्रामीणों को उनकी पात्रता अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये मौके पर ही फार्म भरवाये जा रहे है। संकल्प यात्रा के दौरान विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में चयनित हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी दिये जाते है। सोमवार को संकल्प यात्रा जिले के नगरीय क्षेत्र सिराली सहित ग्राम कड़ोला उबारी, मसनगांव, कांकरिया, तजपुरा, कुहीग्वाड़ी व गोंदागांवखुर्द पहुँची।
सिराली में विधायक श्री अभिजीत शाह व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह भी यात्रा में शामिल हुए
सिराली नगर में संकल्प यात्रा के पहुँचने पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्री गजेन्द्र शाह, विधायक श्री अभिजीत शाह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अनिता कैलाशचन्द्र अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अमरसिंह मीणा भी यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राहुल शर्मा भी मौजूद थे। इस अवसर पर विधायक श्री शाह ने संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये संकल्प यात्रा एक सराहनीय पहल है। उन्होने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीणों को योजनाओं का मौके पर ही लाभ तो मिलता ही है साथ ही योजनाओं की जानकारी भी मिलती है। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये तथा बच्चों ने प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में भी भाग लिया। अतिथियों ने कार्यक्रम में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
कांकरिया में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शनसिंह गेहलोत ने कहा कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारम्भ की गई है। ग्राम कड़ोला उबारी में श्री गेहलोत ने ग्रामीणों को अपने देश व प्रदेश को विकसित बनाने का संकल्प दिलाया। यात्रा के दौरान स्कूली छात्राओं व महिलाओं ने कलश यात्रा आयोजित की। गांवों में प्रचार वाहन का स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान कृषि विभाग द्वारा खेतों में नेनो यूरिया का ड्रोन से छिड़काव करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया और किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किये गये।