‘‘समरसता यात्रा’’ के कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें
हरदा-
सागर में संत शिरोमणि रविदास जी का 100 करोड़ की लागत से भव्य व दिव्य मंदिर व सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिये जनजागरण के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न सीमावर्ती जिलों से समरसता यात्रा प्रारम्भ की गई है जो आगामी 12 अगस्त को सागर पहुँचेगी। यह यात्रा 6 अगस्त को हरदा जिले में प्रवेश करेगी। समरसता यात्रा शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करेगी तथा शाम 6 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभाकक्ष में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। हरदा में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 7 अगस्त को सुबह समरसता यात्रा टिमरनी के लिये रवाना होगी। टिमरनी के वन विभाग के डिपो के हॉल में प्रातः 11 बजे जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद समरसता यात्रा सिवनी मालवा जिला नर्मदापुरम् के लिये रवाना होगी। यह यात्रा बैतूल, नर्मदापुरम्, भोपाल व विदिशा जिलों से होते हुए 12 अगस्त को सागर पहुँचेगी। समरसता यात्रा के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया को बनाया गया है। इस समरसता यात्रा में संत रविदास जी का चित्र, पादुका एवं कलश रहेगा, जिनका पूजन भी होगा। रथ पर सामाजिक समरसता की सूक्तियाँ भी उल्लेखित रहेंगी। यात्रा में संत रविदास मंदिर निर्माण के लिए एक मुठ्ठी मिट्टी और नदियों का जल एकत्रित किया जायेगा। सागर में बनने वाले संत रविदास मंदिर एवं कला संग्रहालय में संत रविदास की शिक्षा और संदेशों का प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। संत रविदास मंदिर में कला संग्रहालय, संत निवास और पुस्तकालय का निर्माण भी किया जायेगा।
*अधिकारियों को सौंपे गये दायित्व*
समरसता यात्रा आगामी 6 अगस्त को हरदा जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद समरसता यात्रा सिवनी मालवा जिला नर्मदापुरम् के लिये रवाना होगी। कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने ‘‘समरसता यात्रा’’ के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपें है। जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग हरदा को जिला स्तरीय सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यात्रा के दौरान अनुविभागीय अधिकारी हरदा व टिमरनी को विकासखण्ड स्तरीय नोडल अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को यात्रा के लिये आमंत्रित करने का दायित्व सौंपा गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर गांव की मिट्टी एवं नदियों का पानी का सांकेतिक संग्रहण कर यात्रा में आने वाले वाहनों में पहुँचाने के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत हरदा व टिमरनी को दायित्व सौंपा गया है।
यात्रा के दौरान जनसंवाद स्थल की सम्पूर्ण व्यवस्था मंच, बैनर, साउण्ड, साज सज्जा व बैठक व्यवस्था के लिये जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को दायित्व सौंपा है। जारी आदेश अनुसार यात्रा के दौरान सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों व महाविद्यालयों में संत रविदासजी के जीवन पर आधारित जिला स्तरीय चित्रकला, निबन्ध, भाषण व गायन प्रतियोगिता के आयोजन तथा ऑडियो-विजुअल सामग्री का विद्यालयों व महाविद्यालयों में प्रदर्शन के लिये जिला शिक्षा अधिकारी व प्राचार्य शासकीय स्वामी विवेकानन्द महाविद्यालय हरदा को दायित्व सौंपा गया है। समरसता यात्रा के दौरान कंट्रोल रूम व सर्व संबंधितों से समन्वय स्थापित करने के लिये कार्यालय जिला संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग हरदा, विकासखण्ड समन्वयक हरदा श्री राकेश वर्मा व विकासखण्ड समन्वयक टिमरनी श्री अनुपम भारद्वाज को दायित्व सौंपा गया है। यात्रा मार्ग वाले ग्रामों अथवा स्थानों पर स्वागत के लिये महिलाओं की कलश यात्रा के आयोजन तथा जनसंवाद स्थल पर महिलाओं व स्वसहायता समूहों की सहभागिता के लिये जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला प्रबन्धक ग्रामीण आजीविका मिशन व जिला प्रबन्धक शहरी आजीविका मिशन को दायित्व सौंपा गया है।
Jansampark Madhya Pradesh
#समरसता_यात्रा