हरदा-
फोटो निर्वाचन नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिये बीएलओ एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। यह प्रशिक्षण तहसीलवार आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को टिमरनी के नीलामी डिपो हॉल में तथा हरदा के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बीएलओ व सुपरवाइजर्स को मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को बताया गया कि वे घर-घर जाकर देखें कि कोई व्यक्ति जो मतदाता सूची में जुड़ने योग्य है, वह छूट तो नहीं गया है। यदि किसी का नाम छूट गया हो तो उसका नाम सूची में जुड़वाने की कार्यवाही करें। इसी तरह मृत मतदाताओं तथा स्थानान्तरित हो चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने की कार्यवाही के संबंध में बीएलओ को समझाईश दें। सूची में नाम जोड़ने व काटने की कार्यवाही बीएलओ स्वयं सत्यापित करने के बाद ही अत्यंत सावधानी रखते हुए ही करें। हरदा के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर डॉ. नागुर्जन बी गौड़ा ने उपस्थित बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होने सभी बीएलओ को 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची जुड़वाने के निर्देश दिये।