देश के लोकप्रिय प्रवचनकार, राष्ट्र-संत ललितप्रभ जी का 20 दिसंबर मंगलवार को आएंगे टिमरनी
तारण भवन में होगा एक दिवसीय विशेष प्रवचन और सत्संग
टिमरनी - देश के लोकप्रिय प्रवचनकार, राष्ट्र-संत महोपाध्याय ललितप्रभ सागर महाराज एवं डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज 20 दिसंबर मंगलवार को टिमरनी आएंगे। राष्ट्रसंतों के शंकर मंदिर के पीछे तारण भवन में मंगलवार को रात्रि 8 से 9.30 बजे तक विशेष प्रवचन और विराट सत्संग का आयोजन होगा। संतगण इस सत्संगमाला के जरिए टिमरनी की आम जनता को जीवन जीने की कला सिखाएंगे साथ ही जीवन-निर्माण, व्यक्तित्व-विकास और पारिवारिक प्रेम के बेहतरीन गुर देंगे। राष्ट्र-संतों की सैकड़ों किताबों और टीवी चैनल, यूट्यूब पर उपलब्ध हजारों प्रवचनों के जरिए देशभर से लाखों लोग उनसे जुड़े हुए हैं।संतजन सकल जैन समाज के आग्रह पर सत्संग एवं प्रवचन कर रहे हैं। अब तक देश के 21 राज्यों में 50,000 किलोमीटर की पदयात्रा करके राष्ट्रसंतों ने हजारों परिवारों को स्वर्ग सरीखा बनाने और हजारों युवाओं में व्यसन मुक्त, शाकाहार और आत्मविश्वास से भरे हुए जीवन का बिगुल बजाया है। सर्वधर्म सद्भाव से जुड़े इन राष्ट्र-संतों के प्रवचनों में छत्तीस कौम की जनता उमड़ती है और ये हर विषय पर प्रवचन देते हैं। रायपुर के स्टेडियम में ऐतिहासिक चातुर्मास पूरा करके वे टिमरनी आ रहे हैं।प्रवचन माला के संयोजक दीपक जैन ने बताया कि इन राष्ट्र-संतों की संस्कार-निर्माण, व्यक्तित्व-विकास और जीवन-मूल्यों पर दी गई प्रेरणाएँ जनमानस में नई ऊर्जा का संचार करती हैं। अपनी प्रभावी प्रवचन शैली के लिए पूरे देश भर में लोकप्रिय इन राष्ट्र-संतों के जीवन और व्यवहार में धार्मिक समरसता की अद्भुत शक्ति है। देशभर में छत्तीस कौम के लोग इन संतों से जुड़े हुए हैं।सकल जैन समाज के सदस्यों ने इस एक दिवसीय विराट प्रवचन में लाभ लेने के लिए टिमरनी के सभी भाई बहनों को अनुरोध किया है।