मलेरिया नियंत्रण सबकी चिंता, सबकी भागीदारी, सबकी जिम्मेदारी मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाएगा जून माह

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
मलेरिया नियंत्रण सबकी चिंता, सबकी भागीदारी, सबकी जिम्मेदारी 
मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाएगा जून माह 
हरदा | 30-मई-2020

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किशोर कुमार नागवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जायेगा। जिले में विगत वर्षों में मलेरिया के रोगियों की संख्या में कमी आयी है। जून में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया के प्रचार प्रसार हेतु विशेष अभियान चलाकर जन समुदाय में जागरूकता का कार्य किया जाएगा। मलेरिया प्रभावित ग्रामों में मलेरिया रथ द्वारा प्रचार प्रसार किया जाएगा। ग्राम में इस दौरान बुखार के मरीज पाए जाने पर उनकी मलेरिया जाँच भी करायी जा सकेगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा ग्राम में मलेरिया के कारण, लक्षण बचाव के संबंध में विस्तृत चर्चा की जावेगी एवं मलेरिया से संबंधित प्रचार प्रसार किया जाएगा। शहरी क्षेत्र हरदा एवं बाजार वाले क्षेत्र में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा  जिसके माध्यम से जन समुदाय को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं जाँच की जानकारी दी जाएगी। जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर कार्यशाला का आयोजन कर विभिन्न गतिविधियाँ संपादित की जावेगी। 
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया है कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है, बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर या आशा कार्यकर्ता द्वारा मलेरिया की जाँच करायें।  मलेरिया पॉजिटिव होने पर पूर्ण उपचार लेवें।अपने घरों में और आसपास पानी जमा न होने दे, मच्छर साफ पानी में अंडे देते है। बारिश के मौसम से पूर्व अपने घर के कबाड़ को छत से हटा देवें, टूटे फूटे टायर, बर्तन, प्लास्टिक कंटेनर को जमा न होने दे। मच्छरो को पैदा न होने देवें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, मच्छरों के काटने से बचाव के साधनों का उपयोग करे तथा नीम की पत्तियों का धुंआ करे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top