आँगनवाड़ी केन्द्र छिदगांवमेल को मिला आईएसओ प्रमाण-पत्र
छिदगांव मेल स्थित आँगनवाड़ी केन्द्र को आईएसओ 9001ः2015 प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाला यह जिले का पहला आँगनवाड़ी केन्द्र है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि आँगनवाड़ी केन्द्र में बच्चों, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती तथा धात्री माताओं को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के लिये यह प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार छिदगांवमेल आँगनवाड़ी केन्द्र का उन्नयन कर इसे बाल शिक्षा केन्द्र बनाया गया है। जन सहयोग से यहाँ बच्चों को बैठने के लिये कुर्सियाँ, युनिफार्म, किताबें, झूले आदि प्रदान किये गये है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि अब तक जिले में 13 आँगनवाड़ी केन्द्रों को बाल शिक्षा केन्द्र के रूप में विकसित किया जा चुका है। यह कार्य जनसहयोग से किया जा रहा है।

