जितना अच्छा प्रशिक्षण, उतना ही निर्बाध और शांतिपूर्ण चुनाव होगा : कलेक्टर श्री विश्वनाथन

त्रिमूर्ति न्यूज दीपक यादव
0
जितना अच्छा प्रशिक्षण, उतना ही निर्बाध और शांतिपूर्ण चुनाव होगा : कलेक्टर श्री विश्वनाथन


कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस विश्वनाथन ने कहा कि लोकसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में निर्बाध रूप से करवाने के लिए पूरी टीम को प्रशिक्षण मुख्य कड़ी है। जितना अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, चुनाव कार्य उतना ही सफलतापूर्वक होगा। कलेक्टर बुधवार को टिमरनी के उत्कृष्ट विद्यालय में मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य करवाने की महत्वपूर्ण कड़ी पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी हैं। बाकी अन्य अधिकारी आपके सहयोग के लिए हैं। 
श्री विश्वनाथन ने कहा कि आज हम लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण यहां हैं तथा जिन अधिकारियों को मतदान करवाने का उतरदायित्व मिला है, यह भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक हिस्सा है। चुनाव कार्य का जिम्मा मिलना भी सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान पूरी तरह से ईवीएम संचालन में पारंगत होना है। किसी भी प्रकार की छोटी से छोटी शंका को प्रशिक्षण स्थल पर ही दूर करके जाना है।
कलेक्टर ने कहा कि मतदान दल सीधे अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचेंगे। चुनाव पार्टी का कोई भी कर्मचारी अपने परिचित के यहां नहीं जाएगा। ईवीएम व चुनाव सामग्री अकेले में नहीं छोड़ें। वीवीपेट को धूप में नहीं रखना। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद मतदान केंद्र की स्थापना का कार्य किया जाना है। मतदान दिवस के दिन आयोग निर्धारित समय से पूर्व मोकपोल की प्रक्रिया अपनाएगा। उम्मीदवारों के ऐजेंटो की उपस्थिति में मोकपोल किया जाना है। सभी ऐजेंटों को बराबर-बराबर मोकपोल करने दें। मोकपोल के साथ ही सीआरसी की प्रक्रिया पूर्ण कर वीवीपेट की पर्चियों को निर्धारित लिफाफे में सील करना है।कलेक्टर ने ईवीएम व वीवीपेट प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों से सवाल पूछे, जिसका अधिकांश ने सही जवाब दिया। कलेक्टर ने बताया कि इस लोकसभा चुनाव में मतदाता पर्ची केवल सूचना के लिए है। पर्ची से मतदान नहीं कर सकेंगे। मतदाता को अपने मतदाता पहचान पत्र के अलावा आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर मतदान किया जा सकता है। प्रशिक्षण में टेंडर वोट की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से सीधा संवाद करते हुए प्रशिक्षण से संबंधित सवाल पूछे, वहीं पर स्वयं ने बहुत सी महत्वपूर्ण व बारीकियां बताई। इस अवसर पर एसडीएम श्री जेपी सैयाम, तहसीलदार श्री आरएस जायसवाल,नायब तहसीलदार सुश्री आशा उइके सहित स्तरीय मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे।बाद में कलेक्टर ने शाला में बने मतदान केन्द्र का भी अवलोकन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top