मतदान के लिए इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों व वीवीपैट तैयार करने का काम जारी
जिले के दोनो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिये उपयोग में लाई जाने वाली इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) व वीवीपैट तैयार करने (कमीशनिंग) का काम जारी है। विधानसभा क्षेत्रवार ईवीएम की तैयारी पालीटेकनिक कॉलेज में की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस विश्वनाथन, प्रेक्षक श्री राजकुमार यादव ने भी कॉलेज पहुँचकर ईवीएम कमीशनिंग (तैयारी) का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने भी ईवीएम कमीशनिंग का कार्य देखा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बीएल कोचले ने बताया कि ईवीएम वीवीपेट की तैयारी के तहत मतदान में उपयोग में लाई जाने वाली हर मशीन पर विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्याशियों के हिसाब से मत पत्र लगाए जा रहे हैं। तहसीलदार श्रीमती अलका एक्का ने बताया कि मशीन का सभी डाटा क्लीयर कर मशीन स्विच ऑफ कर दी जा रही हैं। मतदान के लिये पूर्णत: तैयार हो चुकी सभी ईवीएम स्ट्राँग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी जा रही हैं। हर विधानसभा क्षेत्र के लिये रिजर्व रूप से भी ईवीएम तैयार कराई जा रही हैं।